सोनभद्र के नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह का किया वर्चुअल लोकार्पण

Media House सोनभद्र-जनपद मेरठ में आज आयोजित *पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह* के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवनों एवं विश्राम गृहों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जनपद सोनभद्र के नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह का भी लोकार्पण किया गया।
पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में किया गया, जहां प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता रामकृष्ण द्विवेदी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें पूर्व सैनिक रामवर्धन, सूबेदार श्री मानिकचंद, पूर्व सैनिक प्रेमनाथ कुशवाहा तथा राजकुमारी देवी (पत्नी स्वर्गीय केदारनाथ) सहित अन्य लोग शामिल रहे।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों ने पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्मित सैनिक कल्याण भवनों एवं विश्राम गृहों के लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने।
उल्लेखनीय है कि सैनिक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के कुल 08 जनपदों—औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अम्बेडकर नगर एवं सोनभद्र में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृहों का निर्माण कराया गया है। इन सभी परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये की धनराशि व्यय की गई है। इनमें जनपद सोनभद्र में 4 करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये की लागत से निर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृह भी शामिल है।
नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह जनपद के पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। इससे उन्हें सैनिक कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। यह पहल पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा एवं कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है।










