हिमाचल प्रदेश की सोशल मीडिया स्टार लेडी अफसर ओशिन शर्मा का ट्रांसफर हो गया

मीडिया हाऊस न्यूज एजेंसी 16ता.हिमाचल प्रदेश की सोशल मीडिया स्टार लेडी अफसर ओशिन शर्मा का ट्रांसफर हो गया है. संधोल की तहसीलदार ओशिन को सुक्खू सरकार ने अबतक कोई पोस्टिंग नहीं दी है और उन्हें शिमला में प्रशासनिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है. हाल ही में ओशिन शर्मा को लंबित पड़े कार्यों को लेकर नोटिस जारी किया गया था. ओशिन शर्मा का ट्रांसफर क्यों किया गया है, इसको लेकर हिमाचल सरकार के किसी भी सीनियर अधिकारी ने कोई टिप्पणी नहीं की है और न ही ये बताया गया है कि उन्हें अबतक कोई पोस्टिंग क्यों नहीं दी गई है. मंडी उपायुक्त कार्यालय के करीबी सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सोशल मीडिया स्टार लेडी अफसर ओशिन का ट्रांसफर प्रशासनिक आधार पर किया गया है क्योंकि उनका काम संतोषजनक नहीं था. हिमाचल की 32 वर्षीय लेडी अफसर ओशिन शर्मा सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर काफी एक्टिव हैं. उनके कई प्लेटफॉर्मों पर आठ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. जिसमें X पर 109K, इंस्टाग्राम पर 348K, फेसबुक पर 296K और ओशिन शर्मा पब्लिक ग्रुप में 128K फॉलोअर्स हैं. सूत्रों का कहना है कि स्थानीय राजनेता और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ओशिन शर्मा के सोशल मीडिया पर इतने एक्टिव रहने से खुश नहीं थे.










