अखिलेश यादव ने किया भाजपा पर तीखा हमला

मैनपुरी-जनपद मैनपुरी के 110 विधानसभा करहल कोसमा चौराहे पर आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी में भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा, “जो पढ़े-लिखे नौजवान नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें यह सरकार नौकरी देने की बजाय उलझा कर रखे हुए है। उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।” उन्होंने भाजपा सरकार के जनाक्रोश का हवाला देते हुए कहा, “अगर प्रतिशत के हिसाब से बात करें तो सौ में से सौ प्रतिशत यह सरकार हारने जा रही है।”
अखिलेश ने भाजपा के ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर टिप्पणी करते हुए कहा, “यह नारा नकारात्मक है और नेगेटिविटी फैलाता है। इसे खुद भाजपा के अंदर ही लोग स्वीकार नहीं कर रहे। उत्तर प्रदेश में भाजपा के बड़े नेता भी इस नारे को सही नहीं मानते। यह गंगा-जमुनी संस्कृति का देश है, जहां सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा है।”
सुप्रीम कोर्ट द्वारा बुलडोजर के दुरुपयोग पर दिए फैसले पर अखिलेश यादव ने कहा, “जो बुलडोजर विकास का प्रतीक हो सकता था, उसे विनाश का प्रतीक बना दिया गया। मैं सुप्रीम कोर्ट को बधाई देता हूं कि उन्होंने इस गैर-लोकतांत्रिक और असंवैधानिक बुलडोजर को हमेशा के लिए गेराज में खड़ा करवा दिया। इसके अलावा, जिन अधिकारियों ने इसे दुरुपयोग किया, उन पर कार्यवाही किया जाना चाहिए।”
नौजवानों के भविष्य को लेकर अखिलेश ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “भाजपा ने युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उनके भविष्य से खिलवाड़ किया। उनकी मांगों को तुरंत मानना चाहिए।” डिप्टी सीएम के दौरे के कैंसिलेशन पर अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा, “कोई मौसम खराब नहीं है, भारतीय जनता पार्टी का मौसम खराब है।”
मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा, “मुख्यमंत्री समाज में अंदर-अंदर बारूद की सुरंग खोद रहे हैं, वहीं डिप्टी सीएम अपनी कुर्सी के लिए सुरंग खोदने में लगे हुए हैं। भाजपा ने कोई ठोस काम नहीं किया और दूसरी बातें करके सिर्फ नौजवानों को उलझाने का काम कर रही है।”अखिलेश ने भाजपा को ‘डिवाइड एंड रूल’ की राजनीति करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा, “यहां डिवाइड एंड रूल की नीति कभी स्वीकार नहीं की जा सकती, लेकिन भाजपा अंग्रेजों के पदचिह्नों पर चलना चाहती है।”








