मुख्यमंत्री ने खनन विभागों द्वारा प्रस्तुत लक्ष्यों और उपलब्धियों का आकलन किया

Media House लखनऊ-मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की फरवरी मासांत तक की कर-करेत्तर राजस्व प्राप्तियों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। जीएसटी, वैट, आबकारी, स्टाम्प एवं पंजीकरण, परिवहन, ऊर्जा, भू-राजस्व तथा खनन विभागों द्वारा प्रस्तुत लक्ष्यों और उपलब्धियों का आकलन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व वृद्धि प्रदेश में विकास कार्यों की गति को निर्धारित करती है। उन्होंने सभी विभागों को पारदर्शिता, दक्षता और नवाचार-आधारित कार्यप्रणाली के साथ लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत फरवरी 2026 तक उत्तर प्रदेश में ₹1,96,177 करोड़ का राजस्व संग्रह हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बढ़ता हुआ राजस्व प्रदेश में बुनियादी ढांचे, सामाजिक कल्याण, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति प्रदान करता है। उन्होंने सभी विभागों को टीम भावना, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आबकारी विभाग को होली पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्टाम्प एवं पंजीकरण विभाग को लैंड रिकॉर्ड डिजिटाइजेशन व रजिस्ट्री कार्यालयों के आधुनिकीकरण में तेजी लाने को कहा है। परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु मुख्यमंत्री जी ने निगम की बसों की फिटनेस सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की ठोस कार्ययोजना बनाने और नए रूट चिह्नित कर बस संचालकों के सहयोग से बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।









