दुर्गा पूजा समितियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-पुलिस अधीक्षकअभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज पर आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के लिए की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से अपील की गई कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जुलूस के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने तथा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।










