धान खरीद में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

Media House सोनभद्र-खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत संचालित धान खरीद की प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

समीक्षा में खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम एवं मंडी समिति के शत-प्रतिशत केंद्र प्रभारी उपस्थित पाए गए, जबकि पीसीएफ के कुल 34 केंद्र प्रभारियों में से 26 उपस्थित तथा 08 अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों से केंद्र पर उपस्थित न होने का कारण पूछते हुए संबंधित अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने क्रय केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा किसानों से लगातार संपर्क स्थापित कर धान खरीद तत्काल प्रारंभ कराएं। जिन केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है, उन्हें तत्काल क्रियाशील किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खरीद कार्य में रुचि न लेने एवं निर्देशों का अनुपालन न करने वाले संबंधित सचिवों एवं केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अब तक 11 धान क्रय केंद्रों के माध्यम से कुल 85.64 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है तथा 04 क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, जिससे किसानों को अपनी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्रमिकों एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार देने के लिए रोजगार मेले का आयोजन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *