यातायात माह नवम्बर-2026 के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता रैली का भव्य आयोजन,

Media House सोनभद्र-यातायात माह नवम्बर-2026 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 18.11.2026 को थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत बढ़ौली चौराहा से यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जागरूकता रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 एवं मिशन शक्ति की टीम द्वारा स्कूटी एवं मोटरसाइकिल से प्रतिभाग किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का प्रयोग करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही वाहन चलाते समय जल्दबाजी एवं लापरवाही न करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा वाहन चलाते समय स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने के प्रति प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। उन्होंने सुरक्षित यातायात व्यवस्था में आमजन की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया।
यातायात माह नवम्बर-2026 के दौरान सोनभद्र पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके तथा जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिले।
सोनभद्र पुलिस की अपील: यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं। याद रखें, आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशियों से जुड़ी है। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।










