राजनीति में शुचिता और सुशासन के मानदंड रहे हैं अटल जी : विजय कुमार सिन्हा

अटल-मार्ग पर चलने को प्रतिबद्ध है डबल इंजन सरकार

मीडिया हाऊस न्यूज एजेंसी पटना 24 दिसंबर देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनके शताब्दी वर्ष की पूर्वसंध्या पर याद करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भारतीय राजनीति में कार्यकर्ता के कर्म, कवि के मर्म और राजनेता के धर्म का सर्वश्रेष्ठ प्रतिमान देखना है तो वो हमारे श्रद्धेय अटल जी के सार्वजनिक जीवन में देखा जा सकता है । वे कहा करते थे कि जीवन को टुकड़ों में देखने के बजाए समग्रता में देखा जाना चाहिए । यह बात किसी भी सरकार पर भी सौ फीसदी लागू होती है । जो सरकार इस मानसिकता से काम करती है वही जनसरोकार से जुड़कर किसी भी समस्या को सुलझाने में सफल होती है । समग्रता में देखने की उनकी सोच ने ही उस NDA का आधार तैयार किया जिसमें अलग-अलग विचारों वाली पार्टियां आज भी सर्वसम्मति के साथ काम कर रही हैं ।

श्री सिन्हा ने कहा कि अटल जी पारदर्शिता के साथ प्रगति में विश्वास रखते थे । इसीलिए उनके दौर में किसी अनियमितता के आरोप के बिना देश में बहुमुखी विकास हुआ । ग्राम सड़क योजना , हाइवेज एवं वाटरवेज जैसे बुनियादी ढांचों के विकास से लेकर प्राथमिक शिक्षा, लोकस्वास्थ्य स्वास्थ्य के विस्तार जैसे कामों की आज भी मिसाल दी जाती है । उनके दौर में ही देश में लगातार करीब 8 प्रतिशत की दर से विकास संभव हो पाया था ।इनके अलावा टेलीकॉम ,आईटी और स्पेस सहित सुरक्षा और विदेश संबंधों से जुड़े उनके नीतिगत पहल आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं । वास्तव में अटल जी पारदर्शिता के साथ प्रगति के पैरोकार थे । इसीलिए उनकी कार्यशैली सुशासन की प्रतीक मानी गई ।

डॉ एस. के, एस महिला कॉलेज में बार्षिक खेलकूद का किया गया आयोजन l

श्री सिन्हा ने कहा अटल जी की प्रेरणा से आज केंद्र और राज्य की हमारी डबल इंजन सरकार सुशासन को धरातल पर उतारने में जुटी है । मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विगत दस वर्षों के काम ने यह सिद्ध किया है कि जिन्हें कोई पूछता नहीं था आज पूजा जा रहा है । माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में बिहार में भी डेढ़ दशकों के NDA के शासन में सूबे ने लगातार दहाई अंक की विकास दर को बरकरार रखा है । 2005 से अब तक बुनियादी ढांचे से लेकर सामाजिक क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के लिए हम देश और दुनिया मे सराहे गए हैं ।

श्री सिन्हा ने कहा कि हम अटल जी के अनुयायी हैं । इसलिए हम सबका साथ सबका विकास के संकल्प को साकार करने में विश्वास रखते हैं । वहीं राजद-कांग्रेस के लोग ‘मीडियाजीवी’ बने रहने में यकीन रखते हैं । न इतने पास नीति है, न नीयत है और न ही नेतृत्व है । ये लोग पहले दूसरों पर कीचड़ उछालते हैं और फिर उन्हीं की नीतियों की नकल करते हुए ‘ सामाजिक न्याय’ और ‘विकास’ का मुखौटा पहनने का प्रयास करते हैं । लेकिन ये लोग भूल जाते हैं कि पब्लिक सब जानती है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *