सड़क हादसे में दिव्यांग हुए व्यक्ति को बड़ी राहत, ट्रिब्यूनल ने दिलाया 1.12 करोड़ का मुआवजा

चंडीगढ़.

चार साल पहले हुए एक सड़क हादसे ने शिमला के रहने वाले गुलाब सिंह की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। महज 38 वर्ष की उम्र में ही वह पूरी तरह दिव्यांग बन गया। हादसे के बाद से वह बिस्तर पर पड़ा है और आने वाले समय में उसके ठीक होने के आसार कम हैं।

ऐसे में चंडीगढ़ मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल ने उसके परिवार को बड़ी राहत देते हुए 1.12 करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने का फैसला सुनाया है। वैसे तो डाक्टरों ने उसकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत बताई, लेकिन कोर्ट में यह साबित हो गया है कि उसकी कमाई करने की क्षमता 100 प्रतिशत चली गई, यानी अब वह दूसरों पर ही निर्भर रहेगा। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल के पीठासीन अधिकारी कंवलजीत सिंह बाजवा ने सेक्टर-28 चंडीगढ़ स्थित इफ्को टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को 1.12 करोड़ रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। इस राशि पर याचिका दायर करने की तारीख से 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा। गुलाब के परिवार ने मुआवजे के लिए चंडीगढ़ स्थित मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल में याचिका दायर की थी।

2022 में हुआ था हादसा
मामला 29 दिसंबर 2022 का है। हिमाचल प्रदेश के शिलान गांव से कालाअंब की तरफ जा रही कार गाइघाट नाले के पास पहुंची तो चालक सुनील कुमार तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक सुनील कुमार की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति अजय कुमार ने भी उसी दिन दम तोड़ दिया। कार में गुलाब सिंह भी सवार थे और उनके सिर पर बुरी तरह चोट लग गई। उन्हें आइजीएमसी शिमला में इलाज के लिए भर्ती कराया। बाद में उनका लंबे समय तक इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।

बिहार में जून महीने में 50.28 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन, ₹70 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान

गुरुग्राम में करते थे नौकरी
हादसे से पहले गुलाब सिंह गुरुग्राम स्थित एब्रोस स्पोर्ट्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड में प्रोडक्शन विभाग में लाइन इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। उनकी मासिक आय करीब 50 हजार रुपये थी। हादसे के बाद वह नौकरी पर लौटने में असमर्थ रहे और 30 सितंबर 2023 से उनकी सेवाएं समाप्त हो गईं। अब वह पूरी तरह परिवार पर निर्भर हैं। पत्नी कौशल्या देवी ने ट्रिब्यूनल में बताया कि पति को नाक के रास्ते ट्यूब से तरल आहार देना पड़ता है। उनकी देखभाल के लिए चौबीस घंटे किसी व्यक्ति की जरूरत रहती है। डायपर, दवाइयों, विशेष आहार और फिजियोथेरेपी पर लगातार खर्च हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *