ओवरलोडिंग पर लगाम-खनन नियम तोड़ने पर सीधी कार्रवाई, चार वाहन सीज, 2.27 लाख का ऑनलाइन चालान,

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बागपत-जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशानुसार लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खनन विभाग की टीम ने सघन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चार वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की, जिससे कुल 2.27 लाख रुपये की धनराशि राजस्व मद में जमा कराई गई।
खनन विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा खनिजों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों, वाहन क्षमता और निर्धारित मानकों का सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके बाद नियमानुसार ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया पूरी की गई और चालान की धनराशि तत्काल राजस्व मद में जमा कराई गई।
अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों का सबसे अधिक असर ग्रामीण और संपर्क मार्गों पर देखने को मिलता है। भारी वाहनों के कारण सड़कों की आयु कम हो जाती है, जिससे बार-बार मरम्मत की आवश्यकता पड़ती है। इससे सरकारी धन का अतिरिक्त व्यय होता है और आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है, जिससे जनहानि की संभावना बनी रहती है। वहीं पर्यावरण की दृष्टि से भी अवैध खनन बेहद हानिकारक माना जाता है जो भूमि और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुँचाता है।
जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 माह में अब तक चलाए गए प्रवर्तन अभियान के माध्यम से लगभग 15.40 लाख रुपये का राजस्व शासन को प्राप्त हो चुका है। प्राप्त राजस्व का उपयोग सड़क सुधार, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जाता है, जिससे अंततः आम जनता को लाभ मिलता है। अवैध खनन पर रोक के लिए जनपद में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी सुनिश्चित किया जा रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा प्रमुख प्रवेश मार्गों पर हाइट गेज लगाए गए हैं, ताकि ओवरलोड और अवैध खनन वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके। वहीं पुलिस और परिवहन विभाग भी संयुक्त रूप से जांच अभियान में जुड़े हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसे प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या ओवरलोडिंग की जानकारी मिले, तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें।










