पंजाब के सीमावर्ती गांव में खेतों से मिली नशे की खेप, BSF और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

बटाला
भारत-पाक सीमा पर BSF और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 किलो से अधिक नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। सीमावर्ती गांव तलवंडी हिंदुआं के खेतों में छिपाकर रखी गई खेप में 3 किलो से ज्यादा हेरोइन और 1 किलो से अधिक अफीम शामिल है।
BSF के गुरदासपुर सेक्टर की 200 बटालियन और थाना डेरा बाबा नानक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार (पाकिस्तान) से भारतीय क्षेत्र में नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप भेजी गई है। इसे सीमावर्ती गांव तलवंडी हिंदुआं के खेतों में छिपाया गया है।
इलाके की घेराबंदी की, बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया
प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर BSF और पुलिस के जवानों ने तुरंत हरकत में आते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की और एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। गहन तलाशी के दौरान जवानों को खेतों से 3 किलोग्राम से अधिक हेरोइन और 1 किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद हुई।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच जारी
सरहद पर इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने की खबर मिलते ही BSF की 200 बटालियन के आला अधिकारी और पंजाब पुलिस के उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नशीले पदार्थों को कब्जे में ले लिया गया है
मामले की पुष्टि करते हुए थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि नशीले पदार्थों को कब्जे में ले लिया गया है। आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप सीमा पार से किस तस्कर के जरिए आई थी और भारतीय क्षेत्र में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।










