लिथुआनिया स्थित भारतीय दूतावास ने पहली बार बड़े उत्साह के साथ मनाया गणतंत्र दिवस

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी लखनऊ-लिथुआनिया में स्थित भारतीय दूतावास ने पहली बार 75वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया। लिथुआनिया के विनियस में भारतीय दूतावास का उद्घाटन हुए अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, ऐसे में गणतंत्र दिवस यह समारोह काफी खास रहा।
मार्च, 2023 में विनियस में दूतावास का उद्घाटन भारत और लिथुआनिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक मील का पत्थर था और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण था।
समारोह में भारतीय उच्चायुक्त देवेश उत्तम और विदेश मामलों के उप मंत्री एगिडीजस मीलुनास के साथ ही लिथुआनियाई संसद के कई सदस्यों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। 26 जनवरी की सुबह उच्चायुक्त उत्तम ने तिरंगा फहराया और भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा। इसके बाद स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समां बांध दिया, जिसमें प्राचीन एवं समृद्ध भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
समारोह के बाद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा 75वां गणतंत्र दिवस समारोह विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह मार्च 2023 में स्थापित विनियस में भारतीय दूतावास के उद्घाटन समारोह का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता और लोकतंत्र के साझा मूल्यों में निहित भारत और लिथुआनिया के बीच मजबूत संबंधों के उत्सव का भी प्रतीक है।
इस दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और लिथुआनिया के साथ मजबूत संबंधों को लेकर प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा हमारे सांस्कृतिक संबंध और लोगों के बीच संपर्क हमारे दोनों देशों की आजादी से पहले के हैं। संस्कृत और लिथुआनियाई भाषाओं के बीच अद्भुत समानताएं हमारे देशों के बीच एक प्राचीन संबंध का संकेत देती हैं। लिथुआनिया में बढ़ता भारतीय समुदाय हमारे देशों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो हमारे जीवंत और बहुआयामी संबंधों के लिए एक ठोस आधार तैयार करता रहेगा। (रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

साइबर सुरक्षा-सीईआरटी-इन: साइबर खतरों के विरुद्ध भारत का अग्रिम पंक्ति का रक्षक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *