गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत, जेपी नड्डा ने दी बधाई

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। गुजरात में हुए नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 नगर पालिकाओं में से 60 में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। भाजपा के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन के बाद भगवा खेमे में जश्न का माहौल है।

इस चुनाव में कांग्रेस को केवल एक नगरपालिका पर जीत मिली है, जबकि समाजवादी पार्टी ने दो नगरपालिकाओं पर कब्जा किया है। चुनाव परिणामों में तीन नगरपालिकाओं में टाई की स्थिति बनी रही। वहीं, एक नगरपालिका में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की, जबकि एक अन्य नगरपालिका में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हो पाया।

भाजपा की इस जीत पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने गुजरात के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुजरात नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर मुख्यमंत्री भूपेश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल और गुजरात भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में क्रियान्वित हो रही समावेशी, विकासोन्मुखी एवं कल्याणकारी नीतियों पर जनता जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।”

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा, “गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के लिए सभी विजयी उम्मीदवारों, पार्टी के देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को हार्दिक बधाई और राज्य के नागरिकों को बहुत-बहुत धन्यवाद। भाजपा भारतीय परंपरा के शाश्वत मूल्यों को बरकरार रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए खड़ी है। भाजपा खोखले वादों की नहीं, ठोस विकास की राजनीति की पक्षधर है।”

भारतीय रेलवे ने पिछले 10 वर्षों में 5 लाख कर्मचारियों को भर्ती किया : अश्विनी वैष्णव

उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत ने वैश्विक स्तर पर विकास किया है और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। गुजरात में भी पिछले ढाई दशकों से सुख, शांति, समृद्धि और राजनीतिक स्थिरता का अभूतपूर्व माहौल बना है। गुजरात के नागरिकों को हमेशा भाजपा की विकास प्रवृत्ति पर अटूट विश्वास रहा है। सभी के संयुक्त प्रयास से प्रदेश भाजपा राज्य स्तर से लेकर ग्रामीण स्तर तक जनता के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा हेतु प्रतिबद्ध भाजपा परिवार को हार्दिक बधाई।”

नगर निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत के बाद गुजरात भाजपा मुख्यालय कमलम में भव्य जश्न का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल समेत तमाम पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

–आईएएनएस

एकेएस/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *