खनन न्यूज-खनन क्षेत्रों में लोडिंग मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए-माला श्रीवास्तव
636 वाहनों पर कार्रवाई, 2.93 करोड़ रुपये का अधिरोपण

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी लखनऊ-प्रदेश में उपखनिजों के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश माला श्रीवास्तव के निर्देश पर संयुक्त निदेशक अमित कौशिक के नेतृत्व में निदेशालय स्तर से मिर्जापुर, सोनभद्र, हमीरपुर, महोबा, सहारनपुर एवं चित्रकूट सहित विभिन्न जनपदों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई। जांच में अधिकांश वाहन वैध परिवहन प्रपत्रों के साथ संचालित पाए गए, जबकि जिन वाहनों में अवैध परिवहन अथवा ओवरलोडिंग पाई गई, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के तहत लगभग 636 वाहनों पर 2 करोड़ 93 लाख रुपये का अधिरोपण किया गया, जिसमें से 1 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही जमा कराई गई।
विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए सचिव एवं निदेशक श्रीमती माला श्रीवास्तव ने अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन केवल वैध आईएसटीपी (ISTP) प्रपत्रों के साथ ही सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न होने दी जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपदों में संचालित खनन क्षेत्रों के सोर्स प्वाइंट पर ही निर्धारित लोडिंग मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। यदि किसी स्तर पर अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। माला श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पारदर्शी खनन व्यवस्था तथा राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती एवं प्रभावशीलता के साथ निरंतर जारी रहेगा










