मुंशी सिंह महाविद्यालय में किया गया राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन

मीडिया हाऊस न्यूज एजेंसी अवनीश श्रीवास्तव
मोतिहारी l मुंशी सिंह महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुंशी सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृगेंद्र कुमार, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अंजनी श्रीवास्तव, मुंशी सिंह महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. इकबाल हुसैन, और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्राचार्य प्रो. मृगेंद्र कुमार ने स्वागत भाषण में छात्रों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध उद्धरण “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भरता और परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला, जो राष्ट्र निर्माण के लिए नितांत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि प्रो. अंजनी श्रीवास्तव ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने युवाओं को स्वामीजी के पांच सूत्रों – आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, आत्मज्ञान, आत्मसंयम,और आत्मत्याग का अनुसरण करने की प्रेरणा दी, जिससे वे अपने व्यक्तित्व का विकास कर समाज और देश के पुनर्निर्माण में योगदान दे सकें।उन्होंने यह भी कहा कि विश्व शांति का मार्ग भारतीय संस्कृति से होकर जाता है, क्योंकि भारत ही एकमात्र ऐसा राष्ट्र है जो धर्म और अध्यात्म को केंद्र में रखकर सभी धर्मों को ईश्वर या शाश्वत सत्य की प्राप्ति के मार्ग के रूप में देखता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के इस कथन को दोहराया कि “जिसके जीवन में ध्येय नहीं है, उसका जीवन व्यर्थ या ।” उन्होंने युवाओं को अपनी अनंत ऊर्जा को सही दिशा में लगाने पर बल दिया।
प्रो. इकबाल हुसैन ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए उनके समग्र विकास पर जोर दिया और स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का कुशल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके विचारों से प्रेरित करना और समाज में उनकी सकारात्मक भूमिका के प्रति उन्हें जागरूक करना है। राष्ट्रीय युवा दिवस हर वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं को ऊर्जावान बनाना और उन्हें सद्बुद्धि एवं सही मार्ग पर अग्रसर करना है। यह जानकारी मुंशी सिंह महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार के हवाले से महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव भारती ने दी है ।








