आयुष्मान योजना का हक दिल्ली के लोगों को दिलवाएंगे : प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बुधवार को आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के दिल्ली सरकार द्वारा लागू नहीं किए जाने पर प्रतिक्रिया दी।

प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “केंद्र सरकार लगातार आयुष्मान योजना के तहत पूरे देश के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज देने के लिए योजना बना रही है। लेकिन दिल्ली की मुख्यमंत्री और उनकी आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के लोगों को इस बात से महरूम रखना चाहती है, ताकि लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल सके। इसे लेकर दिल्ली के सात भाजपा सांसदों ने तय किया है कि दिल्ली के लोगों को आयुष्मान योजना के तहत जो उनका हक वह दिलाया जाए। लोगों को हक दिलाने के लिए हाई कोर्ट का रुख किया जाएगा। कोर्ट से अनुरोध करेंगे कि वह दिल्ली सरकार को कहे कि दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू की जा सके।”

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, “मैं दिल्ली और पश्चिम बंगाल के 70 वर्ष से अधिक उम्र के हर बुजुर्ग से क्षमा मांगता हूं कि मैं आपकी सेवा नहीं कर पाऊंगा। मुझे पता तो चलेगा कि आपको कष्ट है, लेकिन मैं आपकी सहायता नहीं कर पाऊंगा, ​क्योंकि अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण दिल्ली और पश्चिम बंगाल की सरकार ‘आयुष्मान भारत योजना’ से जुड़ नहीं रही है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जानलेवा बीमारियों से रोकथाम के लिए मिशन इंद्रधनुष चला रही है। इससे न सिर्फ गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की जान बच रही है, बल्कि वे गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से भी बच रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपने देश के गरीब और मध्यम वर्ग को महंगे इलाज के बोझ से बाहर निकालकर ही रहूंगा और देश आज इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। चुनाव के समय मैंने गारंटी दी थी कि तीसरे कार्यकाल में 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को ‘आयुष्मान योजना’ के अंतर्गत लाया जाएगा।”

उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन में निवेश में ईमानदार सरकार और सुरक्षित वातावरण के कारण हुई है: पीयूष गोयल

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *