लंबे समय से लंबित श्रम मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी नई दिल्ली-भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय द्वारा 1 जून, 2026 से 31 अगस्त, 2026 तक लंबित श्रम मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत, नई दिल्ली क्षेत्र में एक बड़ी पहल की गई है।

विशेष अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से संबंधित 178 दावा मामलों की केंद्रित सुनवाई और निस्तारण के लिए पहचान की गई है। वेतन संहिता, 2019 के अंतर्गत प्राधिकृत क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), नई दिल्ली ने इन मामलों में संबंधित पक्षों की 24 जून, 2026 को उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु 15 जून, 2026 को नोटिस जारी किए थे।

लंबित मामलों को कम करने तथा शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक अभूतपूर्व पहल के तहत सभी 178 मामलों को एक ही दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। 24 जून, 2026 का पूरा दिन विशेष रूप से डीएमआरसी से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए निर्धारित किया गया है। यह श्रम प्रशासन की श्रमिकों के दावों का समयबद्ध निपटारा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस केंद्रित पहल से लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण में उल्लेखनीय तेजी आने, श्रमिकों को समय पर राहत मिलने तथा श्रम न्याय वितरण प्रणाली में विश्वास और मज़बूत होने की अपेक्षा है। साथ ही, यह लंबित मामलों के समाधान के लिए मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) संगठन के नवाचारी एवं परिणाम-उन्मुख उपायों को अपनाने के संकल्प को भी प्रदर्शित करता है।

आतंकी संगठन ने किया दावा, हमने करवाया ब्लास्ट, घटना में 8 लोग घायल

यह पहल समान प्रकृति के मामलों को एक साथ समूहबद्ध कर क्लस्टर-आधारित सुनवाई आयोजित करने की नई कार्यप्रणाली की शुरुआत को दर्शाती है। इससे श्रम अधिकारी बड़ी संख्या में मामलों का अधिक कुशल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण कर सकेंगे। उम्मीद की जाती है कि यह पहल देश भर में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगी तथा श्रम कानून प्रवर्तन में ज्यादा प्रशासनिक दक्षता लाने में योगदान देगी।

डीएमआरसी के अपर महाप्रबंधक (परियोजनाएं) ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के महत्व तथा  इस पहल के श्रमिकों, नियोक्ताओं तथा अन्य हितधारकों पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को स्वीकार करते हुए आगामी विशेष अभियान की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय एक उत्तरदायी एवं सुलभ श्रम प्रशासन के माध्यम से प्रभावी शिकायत निवारण सुनिश्चित करने, औद्योगिक संबंधों को मज़बूत करने और श्रमिकों के अधिकारों व उनके कल्याण की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *