थाना समाधान दिवस, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया गया विशेष बल

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र- जनपद सोनभद्र के समस्त थानों पर “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा संबंधित थानों पर उपस्थित होकर जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में से अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि भूमि संबंधी समस्त विवादों एवं प्रकरणों का निस्तारण पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए किया जाए, जिससे फरियादियों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रकरणों का त्वरित, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
जनपद में पूर्व से पुलिस विभाग से संबंधित 23 तथा राजस्व विभाग से संबंधित 111 प्रार्थना पत्र लंबित थे। आज आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस विभाग से संबंधित कुल 05 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए तथा कुल 14 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं राजस्व विभाग से संबंधित कुल 222 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए तथा 84 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।










