प्रेस क्लब डाला द्वारा जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण


मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी डाला सोनभद्र- कड़ाके की ठंड के बीच मानवता और सामाजिक दायित्व का जीवंत उदाहरण पेश करते हुए प्रेस क्लब डाला की ओर से बृहस्पतिवार को अचलेश्वर मंदिर प्रांगण में गरीब असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान के तहत ठंड से सबसे अधिक प्रभावित वंचित वर्ग के लोगों को राहत पहुंचाई गई। प्रेस क्लब डाला के अध्यक्ष सनोज तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं की रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी पत्रकार का कर्तव्य है। प्रेस क्लब डाला इसी सोच के साथ निरंतर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और आगे भी ऐसे सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सहायता करना ही प्रेस क्लब का मूल उद्देश्य और नैतिक दायित्व है। आज डाला नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो, तीन, चार और पांच में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर कंबल वितरित किए गए,आगामी एक सप्ताह के भीतर नगर के सभी वार्डों में चिन्हित गरीब, असहाय और वंचित परिवारों के बीच कंबल वितरित किए जाएंगे। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रेस क्लब डाला की इस मानवीय पहल की खुले दिल से सराहना की और इसे जरूरतमंदों के लिए संबल देने वाला सराहनीय कदम बताया। लोगों का कहना था कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ साथ आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर ओम प्रकाश तिवारी, राजकिशोर गुप्ता, ए कें गुप्ता, राजवंश चौबे, मनोज तिवारी, सैयद आरिफ, जगदीश तिवारी, मुन्ना तिवारी, नीरज पाठक, गिरीश तिवारी, अनिल अग्रहरी, मिथिलेश भारद्वाज, अर्जुन सिंह, अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










