मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर लगेगी रोक, जन सुविधा केन्द्र संचालकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण

Media Houseसोनभद्र-मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए जन सुविधा केन्द्रों (CSC) के माध्यम से भरे जाने वाले फार्म-6 में दोहरी प्रविष्टियों की समस्या रोकने के लिए जनपद के जन सुविधा केन्द्र संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें फार्म भरने की सही प्रक्रिया, ई-साइन, रेफरेंस नम्बर तथा आवेदन से संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से फार्म-6 जमा करने के बाद कई बार नेटवर्क की समस्या अथवा अन्य तकनीकी कारणों से आवेदक के मोबाइल पर रेफरेंस नम्बर का संदेश प्राप्त नहीं हो पाता है। ऐसी स्थिति में आवेदक जानकारी के अभाव में दोबारा आवेदन कर देते हैं, जिससे मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियां होने की समस्या उत्पन्न होती है। इस समस्या के प्रभावी समाधान के लिए जन सुविधा केन्द्र संचालकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फार्म-6 का अंतिम सबमिशन आधार आधारित ई-साइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद होता है। ई-साइन सफल होने पर आवेदन का रेफरेंस नम्बर जनरेट होता है तथा स्क्रीन पर आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने का संदेश भी प्रदर्शित होता है। यदि आवेदक के मोबाइल पर रेफरेंस नम्बर का संदेश प्राप्त नहीं होता है, तो जन सुविधा केन्द्र संचालक स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नम्बर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे नोट करके आवेदक को उपलब्ध कराएं, ताकि एक ही आवेदन दोबारा भरने की स्थिति उत्पन्न न हो।

सोनभद्र-मुलायम सिंह यादव की पुष्पतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्म-6 भरते समय आवेदक का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नम्बर ही दर्ज किया जाए। जन सुविधा केन्द्र संचालक अपना मोबाइल नम्बर अथवा गलत और काल्पनिक नम्बर किसी भी स्थिति में दर्ज न करें। साथ ही आवेदक का पूरा आवासीय पता एवं सही पिन कोड भरना सुनिश्चित करें, जिससे मतदाता पहचान पत्र की डाक विभाग के माध्यम से समय से डिलीवरी हो सके।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत मोबाइल नम्बर के माध्यम से आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकता है। आवेदन में किसी अतिरिक्त दस्तावेज अथवा जानकारी की आवश्यकता होने पर भी संबंधित आवेदक को सूचना दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त इसी मोबाइल नम्बर की सहायता से e-EPIC डाउनलोड करने तथा Voters’ Service Portal एवं ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, मतदेय स्थल और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने जन सुविधा केन्द्र संचालकों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्येक आवेदन में सही मोबाइल नम्बर, पूरा पता एवं अन्य आवश्यक विवरण अंकित करने तथा आवेदन जमा होने के बाद रेफरेंस नम्बर आवेदक को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया सुगम बने और दोहरी प्रविष्टियों की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *