साइबर अपराधों की रोकथाम एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के संबंध में की गई समीक्षा बैठक,

Media House सोनभद्र-पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर शिकायतों के निस्तारण एवं लंबित विवेचनाओं की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय, प्रभारी साइबर थाना, साइबर सेल एवं साइबर थाने के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, लंबित आवेदनों, अभियुक्तों की प्रोफाइलिंग, प्रशिक्षण एवं विवेचनाओं की बिंदुवार एवं थाना वार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निम्नलिखित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए—
NCRP पोर्टल की समीक्षा: थाना वार प्राप्त साइबर शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति, लंबित शिकायतों का प्रतिशत, शिकायतों के सापेक्ष पंजीकृत एफआईआर की संख्या तथा पीड़ितों की धनराशि होल्ड एवं रिफंड कराए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। लंबित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा पीड़ितों की धनराशि वापस कराने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
MRM/GRM पोर्टल: पोर्टल पर लंबित आवेदनों की संख्या एवं उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
JMIS पोर्टल: लंबित नोटिसों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में अभियुक्तों की प्रोफाइलिंग की थाना वार प्रगति की जानकारी प्राप्त कर शेष प्रोफाइलिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
CyTrain प्रशिक्षण: पुलिसकर्मियों द्वारा पूर्ण किए गए ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिन थानों के पुलिसकर्मियों द्वारा अभी तक निर्धारित प्रशिक्षण पूर्ण नहीं किया गया है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत प्रशिक्षण पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
₹05 लाख से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण: ₹05 लाख से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए ऐसे मामलों में प्राथमिकी पंजीकरण एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जा सके।
साइबर थाना के पंजीकृत अभियोग एवं लंबित विवेचनाएं: साइबर थाने में पंजीकृत अभियोगों में आरोप पत्र एवं अंतिम रिपोर्ट प्रेषित किए जाने की स्थिति तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। प्रत्येक लंबित विवेचना में अब तक की गई कार्यवाही, केस डायरी (CD) अंकित किए जाने की तिथि एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। शेष विवेचनात्मक कार्यवाही पूर्ण कर लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि साइबर अपराधों से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए। पीड़ितों की धनराशि होल्ड एवं रिफंड कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा लंबित शिकायतों, नोटिसों एवं विवेचनाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।










