स्वांग पुराना माइनर्स में कोनार नदी के तेज बहाव में डूबने से एक सीसीएल कर्मी की मौत

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो/गोमिया : रविवार को गोमिया प्रखंड अंतर्गत स्वांग उत्तरी पंचायत के पुराना माइनर्स क्षेत्र में कोनार नदी में पानी के तेज बहाव में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 59 वर्षीय सीसीएल कर्मी येतवा मुंडा रविवार की दोपहर 12:30 बजे नदी नहाने गया था। नहाने के क्रम में वह पानी की तेज धारा में बहने लगा। नदी के दूसरे घाट में कुछ ही दूरी पर येतवा मुंडा की धर्मपत्नी भी कपड़ा धो रही थी। पानी की तेज धारा में बहता देख उसकी पत्नी हो हल्ला करने लगी। कुछ ही देर में वह पानी की गर्त में समा गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पंचायत के मुखिया विनोद विश्वकर्मा को दी। घटनास्थल पर मुखिया सहित गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो व गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो घटना का जायजा लिया। जिसके बाद अविलंब गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नदी से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान सीसीएल कर्मी येतवा मुंडा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनो में मातम पसर गया। येतवा मुंडा डेढ़ महीने बाद सीसीएल से सेवानिवृत होने वाला था। उसके परिवार में उसकी धर्मपत्नी समेत दो बेटे व दो बेटी है। शव बरामद होने के बाद पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।










