कदाचार मुक्त वातावरण में जेएसएससी – सीजीएल परीक्षा का पहला दिन संपन्न,दुसरे दिन की परीक्षा आज

पहले दिन प्रथम व द्वितीय पाली में कुल 10075 परीक्षार्थी हुए शामिल,19625 परीक्षार्थी रहें अनुपस्थित। तृतीय पाली में कुल 10074 परीक्षार्थी हुए शामिल, 19625 परीक्षार्थी रहें अनुपस्थित
उपायुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा, दिन भर केंद्रों पर मुस्तैद रहें वरीय पदाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष में दूरभाष से परीक्षा केंद्रों से लगातार संपर्क में रही टीम
मीडिया हाउस न्यूज एजेंन्सी बोकारो : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पहले दिन शनिवार को आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (जेएसएससी-सीजीएल)कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी, इसके लिए चास एवं बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में 29700 परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे। जिसमें पहले दिन प्रथम व द्वितीय पाली में कुल 10075 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 19625 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें। वहीं, तृतीय पाली में कुल 10074 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 19625 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें। उक्त बातें उपायुक्त विजया जाधव ने समाहरणालय सभागार में परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विभिन्न प्रिंट एवं ईलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से कहीं।
• विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा : उपायुक्त सह परीक्षा के जिला समन्वयक विजया जाधव, उप विकास आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों (सेंटर जेवियर्स स्कूल, अयप्पा स्कूल, चिन्मया विद्यालय, जीजीपीएस सेक्टर 05 आदि) का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की जानकारी ली। पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय में संचालित नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह अपर नगर आयुक्त चास अनंत कुमार ने से सभी केंद्रों की जानकारी ली।
• सभी केंद्रों पर ससमय पहुंचा प्रश्न पत्र : उपायुक्त विजया जाधव ने स्वयं जिला कोषागार बोकारो में अहले सुबह से प्रतिनियुक्त पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट/पुलिस पदाधिकारी की देख-रेख में प्रश्न पत्र के बक्सों को सभी परीक्षा केंद्रों पर ससमय पहुंचाया। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के दिशा – निर्देशानुसार निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों का प्रवेश द्वार खोला गया। कतारबद्ध होकर परीक्षार्थियों ने बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश किए। सभी केंद्रों पर जैमर लगा हुआ था। नियंत्रण कक्ष से भी उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों में अद्धिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केंद्रों के केंद्राधीक्षक (सीएस) कक्ष का जायजा लिया। कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं प्राप्त हुई है। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त सभी केंद्राधीक्षक, पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट, वरीय अधिकारियों तथा वीक्षकों को सफलतापूर्वक परीक्षा संचालन के लिए बधाई दी है एवं रविवार को भी आयोजित होने वाले दूसरे दिन की भी परीक्षा का सफल संचालन की बात कहीं। मौके पर नोडल पदाधिकारी सह एएमसी चास अनंत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।










