महाकुंभ 2025 : ग्राउंड जीरो पर उतारी गई अधिकारियों की टीम

प्रयागराज, 29 नवंबर (आईएएनएस)। महाकुंभ-2025 के दिव्य और भव्य आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है। इन अधिकारियों पर विभिन्न गतिविधियों की देखरेख और प्रबंधन का दायित्व होगा। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रयागराज ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यक्षेत्र सौंप दिए हैं। मेला आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार महाकुंभ के किसी भी कार्य के लिए अधोहस्ताक्षरी के आदेशानुसार सभी आवश्यक कार्यवाही के प्रभारी होंगे।

वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय कुमार सिंह झूसी और आसपास के क्षेत्र का संपूर्ण प्रबंधन देखेंगे। अपर जिलाधिकारी (भूलेख) कुंवर पंकज नैनी और उसके आसपास के क्षेत्र का कार्य देखेंगे, जबकि अपर जिलाधिकारी (नजूल) प्रदीप कुमार के पास फाफामऊ और आसपास के क्षेत्र की जिम्मेदारी होगी।

अपर जिलाधिकारी (नगर) मदन कुमार को नगर क्षेत्र की संपूर्ण देखरेख का जिम्मा दिया गया है, तो अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूजा मिश्रा को आईसीसीसी (प्रयागराज मेला प्राधिकरण) में स्थित कंट्रोल रूम का प्रभार सौंपा गया है।

इसके अतिरिक्त महाकुंभ के प्रमुख स्नान पर्व को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने हेतु रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों एवं भक्तजनों की भीड़ के दृष्टिगत नोडल/सहायक नोडल अधिकारी, सेक्टरवार अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। पीडीए वीसी अमित पाल शर्मा को प्रयागराज जंक्शन का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अपर नगर मजिस्ट्रेट (तृतीय) सुदामा वर्मा को सूबेदारगंज और अपार नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव रामबाग रेलवे स्टेशन के नोडल होंगे।

भारत के पहले टेस्ट ट्यूब बेबी की कहानी, जिस डॉक्टर ने तकनीक ईजाद की उसी को आत्महत्या करनी पड़ी

इसी तरह, अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम) संदीप तिवारी प्रयाग रेलवे स्टेशन, ओएसडी पीडीए संजीव कुमार उपाध्याय फाफामऊ रेलवे स्टेशन, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेरणा गौतम प्रयाग संगम, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राय दारागंज रेलवे स्टेशन के नोडल होंगे।

अपर उप जिलाधिकारी सदर गणेश कनौजिया को झूसी रेलवे स्टेशन, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) करछना, जूही प्रसाद को नैनी रेलवे स्टेशन और उप जिलाधिकारी जयजीत कौर को छिवकी-नैनी रेलवे स्टेशन का नोडल बनाया गया है। सभी नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों के साथ मिलकर व्यवस्था देखेंगे।

इसके साथ ही समस्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था हेतु भी नोडल, सहायक नोडल और सेक्टर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

–आईएएनएस

एबीएम/सीबीटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *