लोकभवन में चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने वितरित किए नियुक्ति पत्र

 मीडिया हाउस लखनऊ – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग तथा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयुष विभाग के लिए चयनित 202 प्रोफेसर, रीडर, चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ नर्स, व्यावसायिक शिक्षा विभाग के लिए चयनित 272 अनुदेशक तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के लिए चयनित 7 नर्स, हॉस्टल वार्डन एवं कंपाउंडर शामिल रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल एवं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। विशेष आकर्षण के रूप में आईटीआई के विद्यार्थियों द्वारा तैयार ‘ब्रह्मोस’ मॉडल मुख्यमंत्री को भेंट किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों के साथ सराहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचारमुक्त बनी है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं को नौकरी पाने के लिए दलालों और सिफारिशों का सहारा लेना पड़ता था, परिवारों को जमीन तक गिरवी रखनी पड़ती थी, लेकिन आज प्रदेश का युवा केवल अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान कर युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी है।

विद्युत उपभोक्ता पहचान व समाधान पखवाड़ा में 1.52 करोड़ और उपभोक्ताओं का डाॅटा अपडेट किया। ए के शर्मा

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और प्रदेश विकास एवं सुशासन के नए युग में प्रवेश कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश तेजी से 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है और इसमें कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगभग 14 लाख युवाओं को प्रशिक्षित कर 7.5 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। आईटीआई संस्थानों में उद्योगों की मांग के अनुरूप सोलर टेक्नोलॉजी, एविएशन, थ्रीडी प्रिंटिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स जैसे आधुनिक ट्रेड्स में प्रशिक्षण देकर युवाओं को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।

मंत्री अग्रवाल ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी चयनित युवा पूरी ईमानदारी, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और विश्वास पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग में अनुदेशक पद पर चयनित नेहा मौर्य, शिवम कुमार दरबार, राजकुमारी, सिकंदर वर्मा, एकता कुशवाहा और रोहित पांचाल नियुक्ति पत्र मिलें। कार्यक्रम में अनुदेशक पद पर चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। गाजीपुर निवासी अमित थापा, जिन्हें आईटीआई अनुदेशक पद पर नियुक्ति पत्र मिला, ने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं का विश्वास मजबूत किया है। चंदौली की अर्चना मौर्य ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र उनके लिए केवल रोजगार नहीं बल्कि प्रदेश निर्माण में सहभागी बनने का अवसर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *