प्रदेश के समस्त राज्य, निजी विश्वविद्यालयों एवं राजकीय व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में आयोजित होगी राष्ट्रीय परीक्षा

मीडिया हाउसलखनऊ/आगरा – प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को आगरा स्थित अपने आवास से भारतीय ज्ञान परंपरा (IKS) पर आधारित राष्ट्रीय स्तर की ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ परीक्षा के सफल एवं प्रभावी आयोजन के संबंध में एक उच्चस्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के समस्त राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों तथा राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों व उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
विभागीय समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ उच्च शिक्षण संस्थानों की एक युगांतकारी एवं प्रमुख शैक्षणिक पहल है। यह कार्यक्रम विशेषज्ञों द्वारा तैयार प्रामाणिक प्रकाशनों और समन्वित परीक्षाओं के माध्यम से भारतीय ज्ञान प्रणालियों को आधुनिक उच्च शिक्षा की मुख्यधारा में एकीकृत करता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अंतर-विषयक और शोध-उन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देना है, जिससे कला, विज्ञान, वाणिज्य, दर्शन, संस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में भारत के समृद्ध योगदान से छात्र परिचित हो सकें और उनमें सांस्कृतिक समझ के साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता विकसित हो सके।
उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्देशित किया कि इस वृहद कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के समस्त राज्य व निजी विश्वविद्यालय तथा राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय ‘नोडल सेंटर’ के रूप में कार्य करेंगे। प्रत्येक संस्थान अपने स्तर से एक ‘नोडल अधिकारी’ नामित करेगा। प्रत्येक नोडल अधिकारी का यह दायित्व होगा कि वह अपने संस्थान से न्यूनतम 200 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण पोर्टल पर सुनिश्चित कराए। परीक्षा हेतु पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
पूरे प्रदेश में इस राष्ट्रीय परीक्षा का आयोजन 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा, जिसके लिए प्रति विद्यार्थी 100 रूपये का पंजीकरण शुल्क तय है। परीक्षा में कला, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों में स्नातक (यूजी) तथा स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर अध्ययनरत नियमित विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। यह 2 घंटे की परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित होगी। परीक्षा के प्रश्नपत्र में संबंधित विषय से 60 वैकल्पिक प्रश्न, भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े 20 सामान्य प्रश्न (सभी के लिए अनिवार्य) तथा 250 शब्दों का 1 विवरणात्मक प्रश्न शामिल होगा। परीक्षा की तैयारी हेतु संस्था द्वारा कुल 21 संदर्भ पुस्तकों की श्रृंखला प्रकाशित की गई है, जो हिंदी, अंग्रेजी एवं 11 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है।
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 01 लाख रुपये का राष्ट्रीय पुरस्कार, द्वितीय स्थान पर रहने वाले 2 विद्यार्थियों को 50-50 हजार रूपये, तृतीय स्थान पर चयनित 4 विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए तथा 380 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रूपए के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किया जाएगा।










