ग्रामीणों से सीधे संवाद कर प्रभारी मंत्री, विधायक व जिलाधिकारी ने जानीं जनसमस्याएं

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “सरकार आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत विकास खंड सदर के बहु आर गांव में शनिवार को आयोजित रात्रि चौपाल में प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रात्रि चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए। प्रभारी मंत्री, विधायक एवं जिलाधिकारी ने एक-एक ग्रामीण की बात गंभीरता से सुनी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।

प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनपद स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी कार्यक्रम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की संख्या एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *