महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं सदस्य ने की जनसुनवाई, त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश

मिडिया हाउस सोनभद्र – उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मा० चारू चौधरी एवं सदस्य मा० गीता विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की जनसुनवाई की तथा जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। जनसुनवाई के दौरान मा० उपाध्यक्ष ने महिलाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों का त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में महिला कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन-181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें समय से लाभ प्राप्त हो सके।

मा० उपाध्यक्ष एवं सदस्य ने समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, ओडीओपी योजना, आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश एवं उपलब्ध सुविधाओं, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों से इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

मा० उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए। महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला जनसुनवाई कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने जनपद में महिला अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।

17 मार्च 2023 को विधानसभावार रोजगार मेले का आयोजन, दस से पन्द्रह कम्पनियां प्रतिभाग करेंगी!

इसके उपरांत राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मा०चारू चौधरी एवं सदस्य मा० गीता विश्वकर्मा ने उरमौरा स्थित विंध्य कन्या पीजी कॉलेज का भ्रमण किया। महाविद्यालय पहुंचने पर कॉलेज प्रशासन एवं शिक्षिकाओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, सुरक्षा, अधिकारों, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर संबंधित अधिकारियों एवं उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। मा० उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए शिक्षा के साथ जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। शिक्षित, जागरूक एवं आत्मविश्वासी बेटियां ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की मजबूत नींव तैयार करती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *