महिलाओं को उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाना समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है : रवीश शर्मा 

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी बोकारो : महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं सतत आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ईएसएल स्टील लिमिटेड ने अपने प्रमुख सीएसआर कार्यक्रम प्रोजेक्ट जीविका के तहत जीविका सृजन शक्ति प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (ओएफपीओ) के 31 सदस्यों के लिए ईएसएल स्किल स्कूल में हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया. कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, संस्थागत सहयोग तथा व्यवसाय विस्तार के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान कर उनके उद्यम को सशक्त बनाना था.

कार्यक्रम में आनंद राज, बीपीएम, जेएसएलपीएस-चास किशोर कुमार रजक, जिला समन्वयक, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) आनंद कुमार, आरसेटी नरेंद्र कुमार, प्रखंड समन्वयक, डीआईसी-चंदनकियारी; तथा रामपद रबीदास, जिला परिषद प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस अवसर पर ईएसएल स्टील के सीएसआर परियोजना समन्वयक  वेद प्रकाश सिंह (प्रोजेक्ट WADI),  शिवजी कुमार (ईएसएल स्किल स्कूल) एवं  कामेश्वर गोस्वामी (प्रोजेक्ट आरोग्य)सहित सीएसआर टीम के सदस्य भी मौजूद रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत प्रोजेक्ट जीविका एवं प्रोड्यूसर कंपनी के भावी रोडमैप की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने उद्यमिता विकास, सरकारी योजनाओं, कौशल प्रशिक्षण, वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग, व्यवसाय विस्तार, मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, विपणन तथा उभरते आजीविका अवसरों पर विस्तृत जानकारी साझा की. प्रतिभागियों ने झारखंड की सफल ग्रामीण महिला उद्यमियों के अनुभवों से भी प्रेरणा प्राप्त की तथा अपने उद्यम को अधिक सशक्त एवं टिकाऊ बनाने के उपायों को समझा.

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उत्पादक स्वामित्व वाली संस्थाओं, सामूहिक उद्यमिता, बाजारोन्मुख उत्पादन तथा प्रभावी ब्रांडिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को उपलब्ध सरकारी एवं संस्थागत सहयोग का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.

"प्राउड ऑफ़ माय बीएलओ" तथा "सीनियर वोटर्स वॉइस" के नाम से चलाए गए दो सोशल मीडिया अभियानों को मिली सराहना

कार्यक्रम का समापन जीविका सृजन शक्ति प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी  बसंती देवी के संबोधन तथा प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से संवाद कर भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की.

इस अवसर पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा, “महिलाओं को उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाना समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. ईएसएल स्टील में हमारा प्रयास केवल आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि महिलाओं को ज्ञान, कौशल, बाजार और संस्थागत सहयोग से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में स्थापित करना है. प्रोजेक्ट जीविका के माध्यम से हम सामुदायिक सहभागिता और सामूहिक उद्यमिता को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

यह हितधारक कार्यशाला विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं महिला उद्यमियों के बीच समन्वय स्थापित करने, उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई. यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के प्रति ईएसएल स्टील लिमिटेड की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *