छठ पर्व को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की तैयारियों की समीक्षा,

Media House सोनभद्र-आगामी 14 एवं 15 नवम्बर 2026 को जनपद में मनाए जाने वाले डाला छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा समस्त खंड विकास अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।

जिलाधिकारी ने तहसीलवार छठ पूजा घाटों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि तहसील ओबरा में 60, दुद्धी में 65, रॉबर्ट्सगंज में 33 तथा घोरावल में 30 प्रमुख घाट चिह्नित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों का स्वयं निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। ओबरा क्षेत्र में रेणु एवं सोन नदी के घाटों पर विशेष टीम गठित कर निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घोरावल क्षेत्र के जिन पोखरों, नदियों एवं जलाशयों में मगरमच्छ की उपस्थिति की आशंका रहती है, वहां विशेष सतर्कता बरतने तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त जाल एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रभागीय वनाधिकारी, ओबरा, रेनुकूट एवं कैमूर वन्यजीव प्रभाग को अपने क्षेत्र के छठ पूजा घाटों का निरीक्षण कराते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा अप्रिय घटना की संभावना न रहे।

समीक्षा बैठक में जिला आबकारी अधिकारी, क्षेत्रीय अधिकारी खनन अनुपस्थित पाये गये-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पहुंच मार्गों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देशित किया कि पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए अवांछित तत्वों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देशित किया है कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय एवं पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा घाटों पर पाई जाने वाली कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराएं, जिससे जनपद में डाला छठ का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *