ASP ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर हुआ मंथन

मीडिया हाउस सोनभद्र – पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में कानून-व्यवस्था, व्यापारी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 15.09.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में सर्राफा व्यवसायियों, व्यापारियों, बैंक मित्रों, माइक्रो फाइनेंस कर्मियों, पेट्रोल पम्प कर्मियों, टोल कर्मियों, टोल प्लाजा मैनेजरों, प्रभारी निरीक्षक यातायात, एआरटीओ एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान उपस्थित व्यापारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों की समस्याओं, सुझावों एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके यथासंभव त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान व्यापारियों को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के दृष्टिगत CCTV कैमरे 24×7 क्रियाशील रखने, संदिग्ध गतिविधियों/व्यक्तियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने, अधिक धनराशि के लेन-देन में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देशित किया गया।
बैठक में भारी वाहनों के संचालन, टोल प्लाजा पर यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम सहित यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं टोल प्लाजा प्रबंधन को यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल द्वारा उपस्थित व्यापारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा जनपद में सुरक्षित एवं बेहतर व्यापारिक वातावरण स्थापित करने में सहयोग करने की अपील की गई।









