भारी बारिश से प्रभावित आधा दर्जन परिवारों को भाजपा नेत्री लवली गुप्ता ने की प्रशासन से समुचित सुविधा देने की मांग

Media House पांकी (पलामू)- विधानसभा क्षेत्र के सगालीम पेट्रोल पंप के समीप लगातार हो रही भारी बारिश ने कई परिवारों की जिंदगी में कहर बरपा दिया है।गुरुवार की रात मूसलधार बारिश के कारण क्षेत्र के करीब आधा दर्जन कच्चे और कमजोर मकान जमींदोज हो गए। इससे प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा सगालीम उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अस्थायी तौर पर शरण दी गई है। पीड़ित परिवारों से संपर्क के बाद भाजपा नेत्री एवं प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष लवली गुप्ता ने उनका हालचाल जाना। पीड़ितों ने लवली गुप्ता से अपनी समस्याओं को साझा किया। पीड़ितों ने बताया कि उनके पास न तो रहने के लिए सुरक्षित घर है, न खाने के लिए पर्याप्त भोजन। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के चलते उनके घर टूट गए, सारा सामान नष्ट हो गया और पशुओं के लिए चारा तक नहीं बचा। बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति काफी दयनीय हो गई है।
लवली गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवारों की स्थिति बेहद गंभीर है। प्रशासन को चाहिए कि आपदा राहत कोष से अविलंब पीड़ितों को राहत सामग्री मुहैया कराए। उन्होंने कहा कि जिनके घर गिर गए हैं, उन्हें तत्काल तिरपाल, कंबल, सूखा राशन, पीने का पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं दी जाएं। साथ ही इनके पुनर्वास की भी उचित व्यवस्था की जाए ताकि ये परिवार सुरक्षित जीवन यापन कर सकें।
लवली गुप्ता ने कहा, “सरकार की योजनाएं तभी सार्थक हैं जब आपदा की घड़ी में पीड़ितों को त्वरित सहायता मिल सके। लेकिन यहाँ प्रशासनिक लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। पीड़ितों के पास न घर है, न खाना। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। जिला प्रशासन को तुरंत सक्रिय होकर सभी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।”उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सर्वेक्षण कर वास्तविक पीड़ितों की सूची तैयार की जाए और उन्हें राहत राशि तत्काल प्रदान की जाए। साथ ही जो परिवार पूरी तरह से बेघर हो चुके हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ितों को आश्वस्त किया कि हर संभव सहायता उनके लिए की जाएगी। मौके पर कई ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं लवली गुप्ता के समक्ष रखीं।भाजपा नेत्री ने कहा कि प्रशासन की ओर से जल्द राहत दी जाय। पीड़ितों के लिए आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है और वे इसके लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगी।










