वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर बनी सहमति

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने तथा पूर्व अधिसूचित मतदेय स्थलों के नामों में संशोधन के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदेय स्थलों पर 1400 से अधिक मतदाता होने के कारण उसी मतदान केन्द्र पर एक-एक सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है। इसके तहत मतदेय स्थल संख्या-250, राजा शारदा महेश इण्टर कालेज, रॉबर्ट्सगंज कक्ष संख्या-5 के साथ 250-अ, कक्ष संख्या-4 तथा मतदेय स्थल संख्या-258, विकास खण्ड कार्यालय, दुद्धी कक्ष संख्या-1 के साथ 258-अ, कक्ष संख्या-3 प्रस्तावित किया गया है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के किसी भी मतदेय स्थल पर 1400 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण कोई सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित नहीं किया गया है। बैठक में पूर्व में अधिसूचित मतदेय स्थलों के नामों में आवश्यक संशोधन की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 03 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 02 मतदेय स्थलों के नाम संशोधित किए गए हैं। संशोधित प्रस्ताव के अनुसार जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 16 मतदान केन्द्रों पर कुल 21 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 मतदान केन्द्रों पर कुल 13 मतदेय स्थल स्थापित होंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं पदनामित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराते हुए कक्ष, पेयजल, प्रकाश, शौचालय सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 16,386 मतदाता तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 1,543 मतदाता दर्ज हैं। पात्र व्यक्ति, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाए हैं, 29 सितम्बर 2026 से पूर्व फार्म-18 एवं फार्म-19 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों अथवा संगठनों द्वारा बल्क में फार्म जमा नहीं कराए जाएंगे।
बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रधान जिला कार्यालय सचिव अनिल यादव, अपना दल (सोनेलाल) के जिला मीडिया सचिव श्री नीरज सिंह पटेल, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री शम्भू नारायण सिंह, बहुजन समाज पार्टी के जिला प्रभारी डॉ. ओम प्रकाश मौर्य, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सचिव श्री नन्दलाल आर्य, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री रमेश गौतम तथा जन अधिकार पार्टी के श्री विजय मल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श के उपरान्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर आम सहमति व्यक्त की गई।










