जिलाधिकारी ने थाना दुद्धी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-जिलाधिकारी बी0 एन0 सिंह द्वारा क्षेत्राधिकार दुद्धी अंतर्गत थाना दुद्धी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सी0सी0टी0एन0एस0, बंदीगृह, ड्यूटी चार्ट रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मालखाना एवं पुराने वाहनों की नीलामी से संबंधित अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि थाने में सभी रजिस्टर अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से अंकित रहें तथा सीसीटीएनएस प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान भूमि विवाद से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि विवादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश राय, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










