अनपरा पुलिस की तत्परता से महिला यात्री का खोया ट्रॉली बैग सकुशल बरामद, सुपुर्द कर लौटाई मुस्कान

मीडिया हाउस सोनभद्र – पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना अनपरा पुलिस ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का खोया हुआ ट्रॉली बैग बरामद कर उसे सकुशल वापस कर सराहनीय कार्य किया।
मोनिका पटेल, निवासी खड़िया बाजार, थाना अनपरा, द्वारा थाना अनपरा पर सूचना दी गई कि वह रेणुकूट से रोडवेज बस द्वारा अपने घर खड़िया बाजार आई थीं। घर पहुंचने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि उनका ट्रॉली बैग, जिसमें आवश्यक सामान एवं कुछ नकदी रखी हुई थी, कहीं गुम हो गया है। काफी खोजबीन के बाद भी बैग नहीं मिलने पर उन्होंने थाना अनपरा पुलिस से सहायता की गुहार लगाई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना अनपरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया। थाना के सीसीटीवी ऑपरेटर द्वारा काशी मोड़ एवं औड़ी मोड़ पर स्थापित सर्विलांस कैमरों की गहन मॉनिटरिंग कर संबंधित रोडवेज बस की सटीक पहचान की गई। इसके उपरांत स्थानीय स्तर पर सूचना संकलित कर त्वरित प्रयासों के फलस्वरूप महिला का ट्रॉली बैग सकुशल बरामद कर उन्हें सुपुर्द किया गया।
अपना खोया हुआ सामान वापस प्राप्त कर मोनिका पटेल ने अनपरा पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं सराहनीय कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।










