ईपेंस 2025 तीसरे दिन एआई हार्डवेयर सुरक्षा, बायोमेडिकल सिग्नल प्रोसेसिंग और एडवर्सेरियल मशीन लर्निंग पर गहन चर्चा

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में चल रहे ईपेंस (EPAINS) 2025 के तीसरे दिन भी तकनीकी सत्रों ने शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को उभरती हुई प्रौद्योगिकियों की गहरी समझ प्रदान की। इस दिन एआई आधारित हार्डवेयर सुरक्षा, बायोमेडिकल सिग्नल प्रोसेसिंग और एडवर्सेरियल मशीन लर्निंग जैसे अत्याधुनिक विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए, जिनमें छात्रों की विशेष भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संजीव शर्मा (आईआईटी-बीएचयू, वाराणसी) के व्याख्यान से हुई, जिसमें उन्होंने “एआई आधारित हार्डवेयर सुरक्षा” पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने एआई तकनीकों के उपयोग से हार्डवेयर सुरक्षा को मजबूत करने के तरीकों पर प्रकाश डाला और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में इसके अनुप्रयोगों को समझाया।
दूसरे सत्र में डॉ. उदित सतीजा (आईआईटी पटना) ने “बायोमेडिकल सिग्नलों के लिए डीप लर्निंग” पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि कैसे डीप लर्निंग तकनीकों का उपयोग बायोमेडिकल डेटा विश्लेषण और रोगों की पूर्वानुमान प्रणाली को विकसित करने में किया जा सकता है। छात्रों ने इस विषय में गहरी रुचि दिखाई और बायोमेडिकल क्षेत्र में एआई की संभावनाओं पर चर्चा की।
अंतिम सत्र में प्रो. शेखर वर्मा (आईआईआईटी इलाहाबाद) ने “एडवर्सेरियल मशीन लर्निंग” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कैसे मशीन लर्निंग मॉडल पर साइबर हमले किए जा सकते हैं और इन्हें सुरक्षित बनाने के लिए कौन-कौन सी तकनीकें अपनाई जा सकती हैं। उनका सत्र विशेष रूप से रोचक रहा, जिसमें छात्रों ने एडवर्सेरियल एआई के खतरों और सुरक्षा उपायों पर गहन चर्चा की। ईपेंस 2025 का यह सत्र आधुनिक प्रौद्योगिकियों को समझने और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।










