श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा थाना चोपन क्षेत्र में पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग

मीडिया हाउस सोनभद्र – आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने के उद्देश्य से आज दिनांक 28.07.2026 को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा थाना चोपन क्षेत्रान्तर्गत पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रमुख बाजार, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं वस्तुओं की गहनता से चेकिंग कर आवश्यक पूछताछ की गई तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहकर प्रभावी ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उनसे शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
सोनभद्र पुलिस आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।










