आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु बैठक

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को जनपद सोनभद्र में सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद के कुल 06 परीक्षा केन्द्रों पर यह परीक्षा दिनांक 08.06.2026, 09.06.2026 एवं 10.06.2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
आज दिनांक 05.06.2026 को पुलिस लाइन सोनभद्र स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में नोडल अधिकारी (पुलिस)/ अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सोनभद्र श्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं केन्द्र प्रभारी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन एवं समीक्षा भी की गई।
बैठक में जनपदीय सीसीटीवी कंट्रोल रूम प्रभारी, जिला प्रबंधक (गोपनीय/सुरक्षा), समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र प्रभारी पुलिस, परीक्षा केन्द्र कंट्रोल रूम प्रभारी, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










