सोनांचल इंटर कॉलेज, घोरावल, सोनभद्र में पौध वितरण, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं संगोष्ठी का आयोजन

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में सोनांचल इंटर कॉलेज, घोरावल में पौध वितरण, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, नदियों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा जल एवं ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला गंगा समिति, सोनभद्र एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक ललितेश मिश्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें पौध वितरण, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं भंडारे का आयोजन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कविता यादव (जिला मीडिया प्रभारी, महिला मोर्चा, सोनभद्र) द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आवाहन किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य काशी प्रसाद मौर्य, वन दरोगा, घोरावल रेंज देवेंद्र कुमार, वन रक्षक अभिलाष वर्मा, प्रमोद (जेआरएफ, जिला पर्यावरण समिति), अभिषेक यादव (गंगा वॉलंटियर) सहित विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










