एलओसी के पास पकड़ी गई पाकिस्तानी महिला को भारतीय सेना ने पाक अधिकारियों को सौंपा

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी जम्मू/राजौरी-जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के समीप पकड़ी गई एक पाकिस्तानी महिला को भारतीय सेना ने पाकिस्तान सेना के अधिकारियों को सौंप दिया।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, महिला की पहचान शहनाज़ अख्तर (35) के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) के कोटली जिले की नाक्याल तहसील स्थित मोहड़ा शरीफ गांव की निवासी है। उसे 16 दिसंबर को पुंछ जिले के हमीरपुर क्षेत्र में डाबी पोस्ट के पास एलओसी के नजदीक 22 जम्मू-कश्मीर राइफल्स के जवानों ने हिरासत में लिया था। यह इलाका 120 इन्फैंट्री ब्रिगेड के परिचालन क्षेत्र में आता है।
पकड़े जाने के बाद महिला को पूछताछ के लिए मेंढर पुलिस थाने ले जाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के पश्चात शाम को एलओसी स्थित चकन-द-बाग गेट के माध्यम से उसे पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया गया, जिसके लिए गेट विशेष रूप से खोला गया। महिला के हस्तांतरण की प्रक्रिया डीएसपी (ऑपरेशन) पुंछ, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।










