मनरेगा पार्क में भोजपुरी फिल्म ‘ प्यार मिले नसीब से ‘ की हुई शूटिंग

अवनीश श्रीवास्तव
मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी 14ता.मोतिहारी, पूर्वी चम्पारण । चिरैया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा पार्क में शनिवार को भोजपुरी फिल्म ‘ प्यार मिले नसीब से’ की दूसरे दिन की शूटिंग हुई। शूटिंग का शुभ मुहूर्त महादेव साह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य प्यारे सतीश सिंह के द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। इसके साथ ही उक्त स्थान पर फिल्म का कुछ सीन शूट किया गया। फिल्म में अभिनेता अरविंद पंडित की मुलाकात उनके बचपन की मित्र अभिनेत्री आस्था तिवारी से बहुत दिनों बाद होती है। दोनों अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए आइस्क्रीम खाते हैं। इसके अलावा कुछ अन्य सीन भी शूट किए गए। शूटिंग के दौरान पार्क में बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे। फिल्म के लेखक व निर्देशक विकास तिवारी और निर्माता विजय रथ हैं। फिल्म के मुख्य सहायक निर्देशक दीपक चौधरी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग 25 अक्टूबर तक चिरैया प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर होगी। उन्होंने बताया कि फिल्म बहुत ही अच्छी बन रही है। फिल्म में रोमांस के साथ-साथ सस्पेंस भी है। इसके गाने भी बहुत अच्छे हैं, जो दर्शकों को खूब पसंद आएंगे।








