किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे, नए एवं युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र– विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का पंचायत एवं नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली से मिलान किए जाने के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आज संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली तथा पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचक नामावली के आपसी मिलान, मतदाताओं के नामों के सत्यापन एवं संभावित विसंगतियों को दूर करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि *कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।* विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं नए मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही पात्र मतदाताओं से निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी ERO एवं AERO को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाए।










