रेल अधिकारी की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा-मो ज़्याऊद्दीन
शारीरिक रूप से अक्षम कर्मचारी का आवेदन अग्रसारित नहीं किया

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी रांची-धनबाद मंडल के बरकाकाना सिगनल विभाग के एक वरीय सिगनल कर्मचारी विक्टर अमर सिंह पिछले चार वर्षों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। वे शारीरिक रूप से किसी भी प्रकार के कार्य करने से बिल्कुल ही अक्षम हो गए हैं। सभी प्रकार की छुट्टियां समाप्त हो चुकी हैं और बिना वेतन के ही बड़ी मुश्किल से जीवन यापन करने के लिए मजबूर हैं।
उक्त जानकारी देते हुए ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री तथा धनबाद मंडल के पी एन एम प्रभारी मो ज़्याऊद्दीन ने बताया कि बरकाकाना में पदस्थापित सिगनल विभाग के अधिकारी मंडल दूर संचार व टेलकम अभियंता प्रभात कुमार वर्मा की संवेदनहीनता के कारण विक्टर की स्थिति काफी दयनीय हो गई है क्योंकि मंडल कल्याण कोष से आर्थिक सहायता के आवेदन पर अपनी अनुसंशा नहीं कर रहे हैं। उक्त अधिकारी की यह मानसिकता उनकी मानवीय संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को दर्शाता है।
मो ज़्याऊद्दीन ने बताया कि वैसे रेल कर्मचारी जो काफी अरसे से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और शारीरिक अक्षमता के कारण अपनी डियूटी नहीं कर पा रहे हैं और छुट्टियां समाप्त हो जाने के कारण उन्हें वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है, वैसे कर्मचारियों को मंडलीय कर्मचारी कल्याण कोष से दस हजार रुपये की मासिक आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग ईसीआरकेयू द्वारा रखी गई थी। इस मांग के प्रति मंडल रेल प्रबंधक और वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी ने भी सहमति देते हुए प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत प्रभावित कर्मचारियों को आवेदन जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत कई रेलकर्मियों को उक्त मदद देने की शुरुआत हो गई है लेकिन बरकाकाना के विक्टर अमर सिंह के आवेदन को प्रशासनिक तानेबाने की जाल में उलझा कर रख दिया गया। जबकि विक्टर ने अपनी बीमार हालत में ही ह्वील चेयर पर चलकर उक्त अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर आवेदन अग्रसारित करने का अनुरोध भी किया था।
इधर मंगलवार को विक्टर की हालत अत्यंत गंभीर हो जाने पर उनके परिवार जनों द्वारा बरकाकाना रेलवे अस्पताल लाया गया। जानकारी मिलते ही ईसीआरकेयू शाखा सचिव महेंद्र प्रसाद महतो, मुकेश लाल, चन्द्रदेव तथा अनिल राय रेलवे अस्पताल पहुंचे और उनके गंभीर हालत को देखते हुए मेदांता अस्पताल रांची रेफर करवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्टर की हालत गंभीर है और वे निरंतर सघन चिकित्सा के अधीन हैं।










