ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न

मीडिया हाउस न्यूज एजेन्सी सोनभद्र-ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने हेतु जिला प्रशासन एवं सोनभद्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रही है। पर्व के दृष्टिगत जनपद के समस्त संवेदनशील क्षेत्रों, मस्जिदों/ईदगाहों, प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत मस्जिदों/ईदगाहों एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों द्वारा नमाजियों एवं स्थानीय नागरिकों से भेट-मुलाकात कर ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व की शुभकामनाएं एवं बधाई दी गयी तथा आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सोनभद्र ऋषभ रुणवाल द्वारा थाना दुद्धी क्षेत्रान्तर्गत भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर पर्व को सकुशल सम्पन्न कराया जा रहा है।
जनपद पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी कैमरों एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से भी सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास न किया जा सके।









