सोनभद्र को पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज, जिलाधिकारी ने होटल कारोबारियों के साथ बनाई नई रणनीति

मीडिया हाउस सोनभद्र – जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के होटल व्यवसायियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य सोनभद्र को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना, पर्यटकों के ठहराव की व्यवस्था सुदृढ़ करना तथा होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करना रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आने वाले पर्यटकों तथा होटलों में रुकने वाले आगंतुकों का विवरण नियमित रूप से जिला पर्यटन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि पर्यटन से जुड़े आंकड़ों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके।
उन्होंने होटल व्यवसायियों से आह्वान किया कि शासन द्वारा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं होमस्टे स्थापित करने के लिए उपलब्ध सब्सिडी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं तथा उद्योग विभाग के माध्यम से एमओयू कराकर अपने प्रतिष्ठानों का विस्तार करें। जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी एवं आसपास के जनपदों में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सोनभद्र के प्राकृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनपद की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारती, फायर सेफ्टी एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी के अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह तथा जनपद के होटल व्यवसायी एवं उनके प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।










