25 हज़ार का इनामी अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, दो अन्य शातिर भी गिरफ्तार, चोरी की बाइक सहित अवैध गांजा बरामद.

मीडिया हाउस न्यूज एजेंसी सोनभद्र-ओबरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 5 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना पर रेणु नदी पुल से तीन अपराधियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अपराधियों में दीपनारायण बैगा उर्फ दीपू, दयाशंकर बैगा उर्फ दयाराम और कन्हई उर्फ कन्हैया शामिल हैं। पकड़े गए तीनों अपराधी ओबरा थाना क्षेत्र के कड़िया गांव के निवासी हैं। ओबरा पुलिस ने तीनों शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान इनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल (UP64AH 7120 हीरो सुपर स्पलेन्डर) बरामद की गई। अपराधी दीपनारायण बैगा के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा भी मिला। जिसके बाद ओबरा थाना पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दे कि दयाशंकर बैगा जिले के कई थानों से वांछित अपराधी था। दयाशंकर बैगा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उस पर ओबरा, चोपन और बीजपुर थानों में कई मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। सभी गिरफ्तार अपराधियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। बता दे कि पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकार ओबरा हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।










