पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य अभियुक्त पप्पू यादव समेत तीन गिरफ्तार

कृपा शंकर पांडेय, ओबरा/ सोनभद्र – पुलिस ने पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित एक जघन्य अपराध का 30 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल हो गया। यह गिरफ्तारी अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत की गई। मामला 2 जनवरी, 2026 को सामने आया था, जब ओबरा थाने में कलवंती देवी ने शिकायत दर्ज कराकर इंसाफ की गुहार लगाई थी।
उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी गेनमती, जो भलुआ टोला में मजदूरी करती थी, के साथ 30 दिसंबर, 2026 को भलुआ टोला के पूरब स्थित पहाड़ी पर राजगीर मिस्त्री पप्पू उर्फ बिंदू यादव और उसके दो साथियों ने कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और रात में अकेला छोड़ धमकी देकर फरार हो गए। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए, मिशन शक्ति केंद्र ओबरा के माध्यम से पीड़िता और उसकी मां से तत्काल संपर्क किया गया। उन्हें संवेदनशील वार्ता, काउंसलिंग और विश्वास बहाली के साथ कानूनी सहायता, सुरक्षा और आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। शिकायत के आधार पर ओबरा थाने में मु.अ.सं.-08/2026, धारा 70(2), 351(3) बीएनएस, 3/4 पॉक्सो एक्ट और 3(2)v एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और घटना की गंभीरता को देखते हुए, ओबरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी ताकि वांछित अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
ओबरा सीओ अमित कुमार ने बताया, 3 और 4 जनवरी, 2026 की दरमियानी रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिल्ली मारकुंडी खदान क्षेत्र में अभियुक्तों की घेराबंदी की। वहां से अभियुक्त पप्पू उर्फ बिंदू यादव (उम्र करीब 30 वर्ष) और अर्जुन डोम (उम्र करीब 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान तीसरा अभियुक्त करन डोम (उम्र करीब 28 वर्ष) भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में करन के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने अभियुक्त करन डोम के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इस बरामदगी के आधार पर ओबरा थाने में धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान पप्पू उर्फ बिन्दू यादव (पुत्र रवि यादव, निवासी कनहरा, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 30 वर्ष), अर्जुन डोम (पुत्र स्वर्गीय नन्हक डोम, निवासी भलुआ टोला मलिन बस्ती, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 19 वर्ष) और करन डोम (पुत्र चंद्रमणि डोम, निवासी सेक्टर-10 लंका कॉलोनी, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खाली खोखा कारतूस .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक पुराना एंड्रॉइड मोबाइल फोन और कुल 380 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी और बरामदगी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह (चौकी प्रभारी कस्बा ओबरा), उपनिरीक्षक राम सिंह यादव, उपनिरीक्षक राजेश दूबे, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय और कांस्टेबल पंकज पाल शामिल थे।










