शिकायत-विजिलेंस कार्यप्रणाली पर नाराजगी, बड़े बिजली चोरों पर सख्ती के आदेश-ऊर्जा मंत्री 

Media House लखनऊ-नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने शक्ति भवन सभागार में होली पर्व एवं आगामी ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली पर्व के दौरान प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक विद्युत कटौती न हो और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न घटे तथा सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

आगामी ग्रीष्मकाल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर, लाइन, केबल, तेल परिवर्तन एवं अन्य तकनीकी कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं, जिससे गर्मी के दौरान उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल ने भी स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकाल में ट्रांसफार्मर जलने या अनावश्यक बिजली कटौती की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंता एवं एसडीओ की जवाबदेही तय की जाएगी और 10 प्रतिशत ट्रांसफार्मर जलने जैसे बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

विजिलेंस जांच की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करने के बजाय बड़े प्रतिष्ठानों एवं बड़े स्तर पर बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विजिलेंस ड्यूटी में लगे ड्राइवरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। इस पर एमडी पंकज कुमार ने 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने का आश्वासन दिया।

महाकुम्भ में अंबानी परिवार ने भी लगाई आस्था की डुबकी

समीक्षा के दौरान मंत्री ए के शर्मा ने सभी डिस्कॉम की अलग-अलग प्रगति जानी और विशेष रूप से मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत लखनऊ के अमौसी क्षेत्र में लगातार आ रही शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एम डी रिया केजरीवाल को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री शर्मा ने सिद्धार्थनगर, मथुरा, झांसी, ललितपुर एवं बांदा जैसे जिलों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया। जिन फीडरों पर लाइन लॉस अधिक है, उन्हें चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मंत्री श्री शर्मा ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से नियमित बैठक करने, जनता दर्शन में उपलब्ध रहने तथा शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

विद्युत बिल राहत योजना के अंतिम दिन के मद्देनजर मंत्री श्री शर्मा ने व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष बचे उपभोक्ताओं से 24 घंटे के भीतर फोन के माध्यम से संपर्क कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में एडीजी विजिलेंस श्री जयनारायण सिंह, चेयरमैन आशीष गोयल, एमडी पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी डिस्कॉम के एमडी, अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *