अपनी कहानी-अपनी जुबानी में लाभार्थियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

मीडिया हाउस सोनभद्र  – केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को डीपीआरसी परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी मनरेगा  रविंद्र वीर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं किस प्रकार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकती हैं। खंड विकास अधिकारियों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

डीपीआरसी परिसर में एनआरएलएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। अधिकारियों एवं आगंतुकों ने स्टॉलों का अवलोकन करते हुए महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प सामग्री एवं स्वरोजगार से जुड़े उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

उपायुक्त स्वतः रोजगार सरिता सिंह ने उपस्थित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों, डाटा एंट्री ऑपरेटरों एवं सामुदायिक कैडर को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को टीम भावना के साथ पूर्ण करना होगा, ताकि जनपद की प्रगति राज्य स्तर पर और बेहतर हो सके। उन्होंने एनआरएलएम के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।

जिला मिशन प्रबंधक एम.जी. रवि ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समूह की महिलाओं को आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर योजनाओं का लाभ पहुंचाना मिशन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान वीडियो फिल्म के माध्यम से समूहों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

नशे की हालात में बिजली टावर पर चढ़ा युवक, मुंह के बल गिरने से युवक की दर्दनाक मौत.

‘अपनी कहानी-अपनी जुबानी’ सत्र में स्वयं सहायता समूह की सदस्य सुनीता देवी ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आर्थिक एवं सामाजिक बदलाव आया है। उनकी प्रेरणादायी कहानी ने उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि जनपद में अभी बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से नहीं जुड़ी हैं। उन्हें समूहों से जुड़कर योजनाओं का लाभ लेने तथा आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर आईसीडीएस विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टैबलेट वितरित किए गए, जिससे वे अपने कार्यों का निष्पादन और अधिक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान संस्कृत विभाग के कलाकारों द्वारा करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया, जिनकी जानकारी बड़ी संख्या में आए लाभार्थियों एवं आमजन ने प्राप्त की।

कार्यक्रम में समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला मिशन प्रबंधक, एपीओ मनरेगा, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सामुदायिक कैडर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *