विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 से जुड़े अधिकारियों के स्थानांतरण पर 17 नवम्बर से 04 जनवरी तक रहेगी रोक

Media Houseसोनभद्र-अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े प्रमुख अधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आलेख्य निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की तिथि 17 नवम्बर, 2026 से अंतिम प्रकाशन की तिथि 04 जनवरी, 2027 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को आयोग की अनुमति के बिना स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की निरंतरता, प्रभावी निगरानी तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।










